◆ चोरी गए जेवरात समेत करीब 10 लाख की बरामदगी, दूसरे मामले का भी खुला राज
जलालपुर अम्बेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के मुस्कुराई गांव में गुरुवार रात पूर्व प्रधान के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
गर्मी के चलते परिवार था बाहर, चोरों ने उठाया फायदा
मुस्कुराई गांव के पूर्व प्रधान छोटेलाल के घर गुरुवार की रात चोरों ने उस वक्त हाथ साफ किया जब पूरा परिवार गर्मी के कारण बाहर सोया हुआ था। चोर घर में घुसकर लाखों रुपये के कीमती जेवरात ले उड़े। घटना के बाद पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ढाखा मोड़ से पकड़े गए आरोपी, शौचालय में छिपाए थे जेवरात
शनिवार को पुलिस कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी श्याम देव ने बताया कि चोरी की इस वारदात में शामिल दो आरोपियों राकेश पुत्र शिवपूजन राजभर निवासी मुस्कुराई और ललित पुत्र रामदत्त निवासी वेरी हाजीपुर थाना कादीपुर, सुल्तानपुर, हाल निवासी मुस्कुराई को ढाखा मोड़ से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की बात स्वीकार की और उनकी निशानदेही पर उनके घर के सामने बने एक पुराने शौचालय में पुआल के नीचे छिपा एक थैला बरामद किया गया, जिसमें चोरी गए जेवरात मौजूद थे।
मालीपुर की चोरी भी इन्हीं के खाते में, मूर्ति व साड़ियां बरामद
पुलिस ने जब दोनों अभियुक्तों के घर की तलाशी ली, तो वहां से दो नई साड़ियां, एक सोने की लड्डू गोपाल की मूर्ति और एक हजार रुपये नकद भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये सामान मालीपुर क्षेत्र से की गई एक अन्य चोरी से जुड़े हैं, जिसकी रिपोर्ट मालीपुर थाने में दर्ज है।
बरामद सामान में शामिल हैं
सोने के आभूषण: एक हार, एक झुमका, आठ अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक नथिया, एक जोड़ी कान का बाला, तीन लॉकेट, चार चैन, एक नथ, एक सोने की मूर्ति
चांदी के आभूषण: एक पाजेब, तीन जोड़ी पायल, करधन, कड़ा
अन्य सामान: दो साड़ियां, एक हजार रुपये नकद
गिरफ्तारी टीम को सराहना
गिरफ्तार करने वाली टीम में जैतपुर थाना प्रभारी वंदना अग्रहरि, उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव, सिपाही विवेक तिवारी, विकास कुशवाहा व अजय सिंह शामिल रहे।
एएसपी ने कहा कि टीमवर्क से सफलता मिली है। पुलिस की तत्परता, सटीक सूचना और टीमवर्क का नतीजा है। ऐसे तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।