Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर महिलाओं को जागरूक कर रही पुलिस

महिलाओं को जागरूक कर रही पुलिस

0

◆  स्कूल से लेकर गांव-मोहल्लों तक चलाया जा रहा अभियान


जलालपुर अम्बेडकरनगर। महिला सशक्तीकरण को लेकर जलालपुर पुलिस ने कमर कस ली है। कोतवाली पुलिस की ओर से गांव-गांव और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को न केवल उनके अधिकारों की जानकारी दी जा रही है, बल्कि उन्हें सतर्क रहने की भी सलाह दी जा रही है।

रविवार को उपनिरीक्षक ममता यादव के नेतृत्व में यह अभियान जीजीआईसी इंटर कॉलेज जलालपुर और गांव गौरा कमाल में चलाया गया। छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ चौपाल में जुटी, जहां उन्हें महिला सुरक्षा से जुड़े जरूरी पहलुओं से अवगत कराया गया।

उपनिरीक्षक ममता यादव ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं पहले से कहीं ज्यादा जागरूक और आत्मनिर्भर हो रही हैं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि कोई भी आपात स्थिति आने पर 1090, 112, 1076, 102, और 108 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर तत्काल संपर्क करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि कॉल करने के 15 से 20 मिनट के भीतर पुलिस सहायता पहुंच जाएगी।

चौपाल में साइबर अपराध को लेकर भी महिलाओं को सचेत किया गया। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर ठग सीबीआई, बैंक, पुलिस या गैस एजेंसी का अधिकारी बनकर फोन करते हैं और ओटीपी या अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांगते हैं। इनसे सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कभी भी किसी अनजान को ओटीपी साझा न करें। यदि ऐसी कोई घटना घटती है तो हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना दें।

इस मौके पर महिला सिपाही शगुफ्ता और मुंशी लाल भी मौजूद रहे। दोनों ने भी महिलाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें जागरूक रहने की सलाह दी।

जलालपुर पुलिस का यह अभियान गांवों में सराहना का केंद्र बना हुआ है। महिलाओं ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version