जलालपुर अंबेडकर नगर। बुधवार को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका देवर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतका के परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, अमरजीत वर्मा निवासी बेलवारे, थाना दोस्तपुर, जिला सुल्तानपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी सगी भाभी मालती देवी बुधवार दोपहर करीब 2 बजे दवा लेकर अपने देवर समरजीत वर्मा के साथ दोपहिया वाहन से जलालपुर से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और बेकाबू मिनी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मालती देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समरजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मिनी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।