अंबेडकर नगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस ने साइकिल यात्रा निकालकर लोगों को खेल और फिटनेस के प्रति जागरूक किया। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व उनके स्वजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के नेतृत्व में आयोजित साइकिल यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना।
साइकिल यात्रा के माध्यम से पुलिस ने युवाओं को खेलों से जुड़ने के साथ ही शारीरिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक हैं, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास होता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन में खेल भावना, शारीरिक फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। अम्बेडकरनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में खेल और फिटनेस गतिविधियों को स्थान दें तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनें।