Monday, August 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरपुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप, सीओ से शिकायत

पुलिस पर रिश्वत मांगने का आरोप, सीओ से शिकायत


जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद के एक मामले में पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी से शिकायत की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मालीपुर थाना क्षेत्र के अवधना इस्माइलपुर गांव निवासी जमालुद्दीन ने आरोप लगाया है कि गांव स्थित घूर-गड्ढे की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में उन्होंने बीते  चार जून को मालीपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी।

जमालुद्दीन का आरोप है कि मामले की जांच के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों ने विवाद के निस्तारण के नाम पर उनसे रुपये की मांग की। उनका कहना है कि मांग पूरी न करने पर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने पूरे प्रकरण की शिकायत क्षेत्राधिकारी जलालपुर को प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में जिन पुलिसकर्मियों का उल्लेख किया गया है, उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों की फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि पूर्व में भी थाना क्षेत्र में अवैध वसूली से जुड़े कुछ आरोप सामने आए थे। क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में अभी तक ऐसा कोई प्रकरण नहीं आया है। यदि शिकायत प्राप्त होती है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments