Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और...

तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और डीजे संचालक पर दर्ज किया मुकदमा

0
ayodhya samachar

जलालपुर अंबेडकर नगर। कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाना आयोजकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने डीजे संचालक और ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए डीजे उपकरण सीज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र चौधरी व हेड कांस्टेबल राजेश यादव शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि जीजीआईसी चौराहे के पास एक मॉडिफाइड ट्रैक्टर पर अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की तो पाया गया कि ट्रैक्टर चालक संतोष वर्मा पुत्र रामबहादुर वर्मा, निवासी गुंदापुर, थाना बंधुआकला, जनपद सुल्तानपुर है, जबकि डीजे संचालक रवि तिवारी निवासी पिकौरा, थाना बंधुआकला, सुल्तानपुर है। ट्रैक्टर पर 12 से 14 बड़े साउंड बॉक्स व अन्य मशीनें लगी थीं, जिनसे अत्यधिक तेज आवाज उत्पन्न हो रही थी।

पुलिस के बार-बार समझाने और पूर्व में उच्चाधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों के बावजूद डीजे संचालक ने नियमों की अनदेखी की। इस पर पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण अधिनियम एवं ध्वनि प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर डीजे को मौके पर सीज कर दिया।

कोतवाल संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसी भी धार्मिक या सामाजिक कार्यक्रम में ध्वनि प्रदूषण फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version