अयोध्या। डोगरा रेजीमेंट सेंटर में छठवें अग्निवीर बैच की पासिंग आउट परेड का आयोजन बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कुल 748 अग्निवीरों ने 31 सप्ताह के कठोर सैन्य प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा कर सेना में शामिल होने का गौरव प्राप्त किया।
परेड का नेतृत्व अग्निवीर अर्पित ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मेजर जनरल प्रिंस दुग्गल ने जवानों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण पूर्ण करने पर उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि इन युवा सैनिकों ने अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ प्रशिक्षण को पूरा कर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
समारोह में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए अग्निवीर वंश शर्मा को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया, जबकि लोकेश कुमार को ओवरऑल सेकंड बेस्ट के रूप में सम्मानित किया गया। इस मौके पर ब्रिगेडियर जितेंद्र शर्मा सहित कई सैन्य अधिकारी, जेसीओ और अग्निवीरों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
परेड के दौरान नवप्रशिक्षित अग्निवीरों को राष्ट्र सेवा, अनुशासन पालन और सेना की गौरवशाली परंपराओं को निभाने की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण पूरा करने वाले इन अग्निवीरों को अब उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों की विभिन्न सैन्य इकाइयों में नियुक्त किया जाएगा, जहाँ वे अपनी सेवाएँ देंगे।