अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सीईओ के चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने व्यापक मूल्यांकन के बाद तीन योग्य प्रत्याशियों का पैनल तैयार किया है। कमेटी मंगलवार को अपनी अंतिम रिपोर्ट श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास को सौंपा। अंतिम निर्णय और सीईओ के नाम की आधिकारिक घोषणा न्यास की ओर से की जाएगी।
सर्च कमेटी में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) वीके चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक डॉ. सुरेश हावरे शामिल हैं। कमेटी ने रक्षा, न्यायपालिका, प्रशासन और प्रबंधन के व्यापक अनुभव के आधार पर चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
चयन प्रक्रिया की शुरुआत 5,585 आवेदनों से हुई। तकनीकी माध्यम और मैनुअल प्रक्रिया को मिलाकर आवेदनों की बहुस्तरीय स्क्रीनिंग की गई। दिल्ली-एनसीआर, पुणे और संबलपुर (ओडिशा) में टीमों ने समानांतर रूप से आवेदन प्रक्रिया का मूल्यांकन किया। कठोर शॉर्टलिस्टिंग के बाद 16 प्रत्याशियों को अंतिम चरण के लिए चुना गया। इन प्रत्याशियों से 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में प्रत्यक्ष संवाद किया गया।
सर्च कमेटी के अनुसार, चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, योग्यता आधारित और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया। अंतिम तीन प्रत्याशियों के चयन में संस्थागत नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन विशेषज्ञता, सत्यनिष्ठा और व्यापक दृष्टिकोण को प्रमुख आधार बनाया गया।
जुलाई में गठित हुई थी चयन समिति
सीईओ चयन की प्रक्रिया के तहत 6 जुलाई को सर्च कमेटी का गठन किया गया था। 11 जुलाई को कमेटी की पहली बैठक में चयन प्रक्रिया और पात्रता मानदंड तय किए गए। 14 जुलाई को समीर पंडा को कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया, जबकि 18 जुलाई को आवेदन प्रक्रिया समाप्त हुई। जुलाई के शेष दिनों में आवेदनों की समीक्षा और मूल्यांकन किया गया। 3 से 6 अगस्त तक ऑनलाइन संवाद तथा 11-12 अगस्त को अयोध्या में अंतिम 16 प्रत्याशियों से विस्तृत प्रत्यक्ष संवाद हुआ।
रिपोर्ट सौंपे जाने के दौरान संत गोविन्ददेव जी, ट्रस्टी एवं कोषाध्यक्ष, संत दिनेंद्र दास जी, ट्रस्टी, कृष्ण मोहन जी, महासचिव, शशांक त्रिपाठी, जिलाधिकारी अयोध्या, दिनेश जी, विशेष आमंत्रित सदस्य, जगदीश आफले, सचिव, जगन्नाथ गुलवे और बजरंग बागड़ा की उपस्थिति रही।
सर्च कमेटी ने चयन प्रक्रिया को सफल बनाने में सहयोग देने वाले तकनीकी और समन्वय दल के सदस्यों के प्रति भी आभार जताया। कमेटी ने कहा कि निर्धारित समय से पहले प्रक्रिया पूरी करने में टीम के सदस्यों के समर्पित प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब तीन नामों का पैनल मिलने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास सीईओ के चयन पर अंतिम निर्णय लेगा।