सोहावल, अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के सुचित्तागंज-संजयगंज मार्ग पर खिरौनी के पास सोमवार सुबह दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल दर्शननगर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार बिसुहिया नौवां का पुरवा निवासी रामबाबू (28) और श्यामबाबू (19) पुत्र राज बहादुर बाइक से सुचित्तागंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से ट्रिपलिंग कर रहे सुरवारी बरई पुरवा निवासी विकास, राजा और दीपक बाइक से आ रहे थे। खिरौनी के पास दोनों बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोहावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रामबाबू को मृत घोषित कर दिया। जबकि दीपक और विकास की हालत गंभीर देख उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. फातिमा हसन ने बताया कि एक युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो गई थी और दो की हालत नाजुक है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना की जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों ने ट्रिपलिंग और तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताया है।