बसखारी अंबेडकर नगर। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जिसमें एक की हालत नाजुक बनी हुई है।सूचना पर पहुंची हंसवर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। इस हादसे में मृतक की वक्त की पहचान राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदैनिया निवासी सुदर्शन उर्फ देवलास (37) पुत्र मनीराम के रूप में हुई है। जो बीते रविवार को अपनी बुआ के दाह संस्कार में सम्मिलित होने टांडा महादेव घाट पर गए थे। महादेव घाट से देर शाम को सुदर्शन अपनी मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे कि कटोखर गांव के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गयी। टक्कर इतना जबरदस्त था कि दोनों मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि सुदर्शन की मौके पर ही मौत हो गयी। दूसरे मोटरसाइकिल पर सवार शिशिर पुत्र उमाशंकर, बबलू पुत्र राम शकल व कार्तिक पुत्र महेंद्र निवासीगण बरही ऐदिलपुर गंभीर रूप से घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गयी तथा सूचना पर प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी बसखारी पहुंचाया। जहां से शिशिर को मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर कर दिया गया। मौजूदा समय में शिशिर लखनऊ के निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। जबकि अन्य दोनों घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। मौत की सूचना मिलते ही सुदर्शन के परिजनों में कोहराम मच गया। तथा मौके पर मृतक के भाई सुरेन्द्र समेत अन्य लोग हंसवर थाने पर पहुंच गये। पुलिस ने तत्काल शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों मोटरसाइकिल को अभिरक्षा में लिया गया है ।प्रार्थना पत्र मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।