अयोध्या। जिले में पुलिस और समाज की अनोखी पहल का नज़ारा देखने को मिला, जब घर से भागे दो प्रेमी जोड़ों की शादी थाने के पास स्थित मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में विधि-विधान से कराई गई। दोनों जोड़े निषाद समाज से ताल्लुक रखते थे। इस पहल में पुलिस और निषाद समाज के पदाधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई।
घर से भागने की सूचना पर पुलिस ने दोनों प्रेमी जोड़ों को पकड़कर थाना कैंट लाया। इसके बाद समाज के पदाधिकारियों और पुलिस की पहल पर दोनों जोड़ों की शादी मंदिर में सम्पन्न कराई गई। निषाद समाज के अध्यक्ष श्याम लाल निषाद ने शादी की पूरी व्यवस्था संभाली। उन्होंने मंदिर पहुंचकर चुनरी और अन्य शादी की सामग्री उपलब्ध कराई। शादी संपन्न होते ही परिवारों और समाज के लोगों ने नवयुगलों को आशीर्वाद दिया। इस अनोखी शादी की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों पर है।
श्याम लाल निषाद ने कहा कि समाज जरूरतमंदों के साथ हमेशा खड़ा है। उन्होंने कहा हर साल 5 अप्रैल को निषाद जयंती पर समाज की ओर से गरीब बेटियों की शादी कराई जाती है। यदि किसी गरीब परिवार को दिक्कत आती है तो हम सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं। आज दोनों जोड़ों की शादी कराना भी उसी जिम्मेदारी का हिस्सा है। हम उनके सुखी और उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं ।