अयोध्या। ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर श्री अयोध्या न्यास द्वारा जिले के चार प्रमुख स्थानों पर भंडारे का आयोजन किया गया। हैरिंग्टनगंज बाजार, बीकापुर पोस्ट ऑफिस के सामने, दर्शननगर स्थित सूर्यकुंड तथा सहादतगंज हनुमानगढ़ी पर आयोजित भंडारों में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे का शुभारंभ पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने भगवान हनुमान के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि बड़े मंगलवार का पर्व सेवा, समर्पण और लोककल्याण की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सहयोग की भावना को बल मिलता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को बड़े मंगलवार की शुभकामनाएं भी दीं।
चारों स्थानों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भंडारे में पूड़ी, सब्जी, बूंदी, तथा सहादतगंज हनुमान गढी पर लस्सी का वितरण किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने सेवा कार्य में सहयोग किया।