अयोध्या। महिला अस्पताल के सामने गली में स्थित बल्लाहाता मोहल्ले में संचालित ओम हॉस्पिटल पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए सील कर दिया। यह कार्रवाई उप मुख्य चिकित्साधिकारी राजेश चौधरी के नेतृत्व में की गई। अस्पताल के खिलाफ मिली शिकायत के बाद विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कोई भी डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद नहीं मिला। अस्पताल का विद्युत कनेक्शन भी पहले से कटा हुआ पाया गया। मकान मालिक की ओर से यह भी शिकायत की गई थी कि अनुबंध समाप्त होने के बावजूद अस्पताल का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था। जांच में एक्सपायर दवाइयां भी बरामद हुईं। एक सिजेरियन प्रसव कराने वाली गर्भवती महिला अस्पताल में भर्ती मिली। महिला की केस शीट पर किसी डॉक्टर का कोई नोट दर्ज नहीं था। न तो एनेस्थेटिक के हस्ताक्षर मिले और न ही सी-सेक्शन करने वाली डॉक्टर का नाम दर्ज पाया गया। अस्पताल में बायो मेडिकल वेस्ट (बीएमडब्ल्यू) से संबंधित कोई भी मानक प्रदर्शित नहीं था।
मरीज के कंसेंट फॉर्म पर हस्ताक्षर तो पाए गए, लेकिन ऑपरेशन से संबंधित कोई स्पष्ट सूचना या नोटिस नहीं दिया गया था, जिससे यह प्रतीत होता है कि मरीज को सर्जरी की गंभीरता से अवगत नहीं कराया गया। इन सभी खामियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।