अयोध्या। राम मंदिर और पंचकोशी परिक्रमा मार्ग के आसपास नॉनवेज की बिक्री और डिलीवरी पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। यह आदेश होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे के साथ-साथ ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों पर भी लागू किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित होटल संचालक या व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई शामिल है।
सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि राम मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में नॉनवेज की बिक्री पर पहले से ही प्रतिबंध है, लेकिन शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे इस आदेश का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को ऑनलाइन माध्यम से नॉनवेज मंगाकर परोसे जाने की जानकारी सामने आई थी, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि अब राम मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में नॉनवेज की ऑनलाइन डिलीवरी पर भी पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया गया है। इस संबंध में 8 जनवरी को होटल, गेस्ट हाउस, होम स्टे संचालकों और ऑनलाइन खाना डिलीवरी करने वाली कंपनियों को लिखित रूप से आदेश से अवगत करा दिया गया है।
सहायक खाद्य आयुक्त ने कहा कि इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा। इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर औचक जांच भी की जाएगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं प्रशासनिक नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य रामनगरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखना है।