Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, जमीनी विवाद ने लिया खूनी संघर्ष...

शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, जमीनी विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप; दोनों पक्षों के कई लोग घायल

0
ayodhya samachar

जलालपुर, अम्बेडकर नगर। जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर फिरोजपुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद बुधवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट और धारदार हथियारों के इस्तेमाल में एक पक्ष के विशाल उपाध्याय, विकास उपाध्याय, मोनी उपाध्याय, सचिन उपाध्याय और आनंद उपाध्याय, जबकि दूसरे पक्ष के ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव, सिजरा देवी और सुमन यादव सहित कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घायल विशाल उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में आरोप लगाया कि आबादी की पुश्तैनी भूमि को लेकर उनका शैलेंद्र यादव, रविंद्र यादव समेत अन्य लोगों से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार, उक्त भूमि पर वर्षों से उनके परिवार का कब्जा और खेती-बाड़ी होती रही है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद सीमेंट के पिलर लगाकर सीमा निर्धारित की गई थी। इसके बावजूद जब वह अपनी भूमि पर बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहे थे तो विपक्षी पक्ष ने विरोध शुरू कर दिया।

विशाल उपाध्याय का आरोप है कि संभावित विवाद को देखते हुए उन्होंने लगातार तीन दिनों तक जलालपुर कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव को मोबाइल फोन तथा व्यक्तिगत रूप से सूचना देकर मौके का निरीक्षण करने और कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण बुधवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हमले में धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप करती तो घटना टाली जा सकती थी। साथ ही उन्होंने निष्पक्ष कार्रवाई न होने का भी आरोप लगाया।

वहीं, दूसरे पक्ष के ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव ने भी अपना पक्ष रखते हुए कहा कि विवादित आबादी की भूमि के एक हिस्से पर उनका कब्जा है। उनका आरोप है कि उपाध्याय पक्ष द्वारा उस भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था, जिसके चलते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में संघर्ष हो गया। उन्होंने भी स्वयं के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही।

घटना के बाद दोनों पक्ष जलालपुर कोतवाली पहुंचे, जहां से पुलिस ने घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा। गंभीर रूप से घायल विशाल उपाध्याय, विकास उपाध्याय, मोनी उपाध्याय तथा दूसरे पक्ष के शैलेंद्र यादव, सिजरा देवी और सुमन यादव को जिला अस्पताल रेफर किया गया। मामले में क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

उधर, जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version