जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर तहसील परिसर में सोमवार को निषाद पार्टी की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम मधुमिता सिंह को सौंपा गया। संगठन ने निषाद वंश की उपजातियों को अनुसूचित जाति (एससी) की सूची में शामिल करने और जातिगत जनगणना में इन्हें मंझवार व तुरैहा के साथ विमुक्त जनजाति के रूप में दर्ज कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि केवट, मल्लाह, निषाद, बिंद, मंझवार, कश्यप, माझी और रैकवार आदि निषाद वंश की पर्यायवाची जातियां हैं। तहसील अध्यक्ष लाल बिहारी निषाद के अनुसार अलग-अलग राज्यों में इन जातियों को अलग-अलग आरक्षण की सुविधा मिलने से विसंगति की स्थिति बन रही है। इसे दूर करने के लिए जातिगत जनगणना में सभी पर्यायवाची जातियों के नाम मंझवार और तुरैहा के कॉलम में दर्ज कराने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने निषाद वंश की सभी पर्यायवाची जातियों को उत्तर प्रदेश की एससी सूची में शामिल करने की मांग रखी। इसके साथ ही विमुक्त जनजातियों को शिक्षा, नौकरी और राजनीति में आरक्षण देने तथा पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। ज्ञापन में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए निषाद वंश के लोगों के गांवों को आदर्श शहीद गांव घोषित करने की मांग भी की गई। इस दौरान प्रेम बहादुर निषाद, भिलखावन निषाद, राम कुशायल निषाद, भागीरथ निषाद, बुधिराम निषाद, छोटेलाल निषाद, भीम निषाद, रमेश कुमार निषाद, चिंताराम निषाद, हनुमान निषाद व अन्य उपस्थित रहे।