अयोध्या। लाइव डिबेट में कांग्रेस के प्रवक्ता कुंवर देव निषाद से गाली-गलौच करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास पर कथित तौर पर गाली देने का आरोप लगाते हुए समाज के लोगों ने गुरुवार को सदर तहसील क्षेत्र के तिकोनिया पार्क में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान निषाद समाज के लोगों ने महंत राजू दास के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सार्वजनिक मंच पर समाज के व्यक्ति के साथ कथित अभद्र व्यवहार से समुदाय में आक्रोश है और ऐसी टिप्पणी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रदर्शन के बाद निषाद समाज की ओर से तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। ज्ञापन में महंत राजू दास से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
निषाद समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। समाज ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जिले से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में समाज के अध्यक्ष संतोष निषाद, श्यामलाल निषाद, संरक्षक नानक शरण, अमरजीत निषाद, अनिल कुमार निषाद, रिंकू निषाद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।