Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर विद्यालय में लापरवाही: चार साल की बच्ची कमरे में बंद, परिजनों में...

विद्यालय में लापरवाही: चार साल की बच्ची कमरे में बंद, परिजनों में आक्रोश

0
ayodhya samachar

आलापुर अंबेडकर नगर। विकासखंड जहांगीरगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुबारकपुर पिकार स्थित प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र एक बार फिर गंभीर लापरवाही को लेकर चर्चा में है। यहां तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ती और विद्यालय स्टाफ पर बच्चों के पोषण, देखरेख और सुरक्षा में भारी अनियमितता के आरोप लगे हैं।

मामला बीते नौ अप्रैल है, जब करीब 4 वर्ष 5 माह की मासूम रिमझिम विद्यालय के कमरे में बंद रह गई। आरोप है कि छुट्टी के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ती समेत सभी स्टाफ बिना जांच-पड़ताल किए कमरे में ताला लगाकर चले गए। बच्ची करीब एक घंटे से अधिक समय तक कमरे में कैद रही।

परिजन जब बच्ची को ढूंढते हुए विद्यालय पहुंचे, तब जाकर ताला खुलवाया गया और उसे बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद परिजनों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बच्ची को बाहर नहीं निकाला जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बच्चों को न तो नियमित पोषण आहार दिया जाता है और न ही खेल सामग्री या शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसे उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है।

परिजनों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से की है। वहीं, इस संबंध में जब सीडीपीओ जहांगीरगंज से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनका फोन किसी अन्य व्यक्ति ने उठाया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version