◆ रिकर्व में तरुणदीप व संगीत ने स्वर्ण पर साथा निशाना , कंपाऊंड चैंपियनशिप में अदिति व प्रथमेश रहे अव्वल
अयोध्या। राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के अंतिम चरण में बुधवार को राम की पैड़ी पर आयोजित रिकर्वे प्रतिस्पर्धा की 43 वीं सीनियर रिकर्व चैंपियनशिप में एसएससीबी के तरुणदीप राय और हरियाणा की संगीता विजेता रहीं। तरुणदीप राय ने 720 में से 689 और संगीता ने 668 अंक लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रिकर्व बो के इंडिजुअल एलिमिनेशन राउंड के पुरुषों के विजेता तुषार सिलके और महिलाओं में संगीता रहीं। मिक्स टीम प्रतियोगिता में पंजाब के आदित्य चौधरी और सिमरजीत कौर ने छह अंक लेकर महाराष्ट्र के यशदीप व शर्वरी सोमनाथ शिंदे को पछाड़ा।

विजेता तीरंदाजों को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, भारतीय तीरंदाजी संघ के महासचिव प्रमोद कुमार चंद्रूलकर, उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष व मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, प्रदेश संघ के महासचिव अजय गुप्ता, विधायक रामचंद्र यादव, अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, सिक्किम तीरंदाजी संघ के सचिव डा. केवी गौरांग, पश्चिम बंगाल तीरंदाजी संघ के सचिव रुपेशकर ने पदक प्रदान किए।
कंपाउंड 19 वीं सीनियर कंपाउंड नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की साक्षी चौधरी ने दो पदक अपने नाम किए। उनको रजत और कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। वह स्वर्ण पर निशाना साधने में सफल नहीं हो सकीं। पचास मीटर की प्रतिस्पर्धा में महाराष्ट्र की अदिति गोपीचंद स्वामी और महाराष्ट्र के ही प्रथमेश बालचंद्र फुगे कड़े मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहे। पुरुषों के एलिमिनेशन राउंड में प्रथमेश फुगे और महिलाओं में अदिति गोपीचंद स्वामी ने स्वर्ण जीता। मिक्स टीम मुकाबले में दिल्ली के प्रियांश व प्रगति ने बाजी मारी।
