Monday, August 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरनागपंचमी की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में डूबकर 12 वर्षीय बालक...

नागपंचमी की खुशियां मातम में बदलीं, तालाब में डूबकर 12 वर्षीय बालक की मौत


अंबेडकरनगर। नागपंचमी पर्व पर तालाब के किनारे खेल रहा 12 वर्षीय बालक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों और परिजनों ने उसे बाहर निकालकर सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
महरुआ थाना क्षेत्र के नगराम नशेड़ी गांव में सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे नागपंचमी पर्व के दौरान महिलाएं, पुरुष और बच्चे तालाब के पास एकत्र हुए थे। पर्व की रस्में पूरी होने के बाद कुछ बच्चे तालाब के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान हरिराम पांडेय का 12 वर्षीय पुत्र मयंक पांडेय अचानक पैर फिसलने से तालाब के गहरे पानी में चला गया।
बालक के डूबने की जानकारी होते ही ग्रामीण और स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में उसे सीएचसी दोस्तपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। नागपंचमी पर्व की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
क्षेत्राधिकारी भीटी लक्ष्मीकांत मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तालाब में पैर फिसलने से बालक के डूबने की घटना हुई है। पुलिस द्वारा नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments