◆ कांवड़ यात्रा पर सपा सांसद अवधेश प्रसाद का बड़ा बयान
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद अवधेश प्रसाद ने कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ा बयान देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार धर्म के नाम पर समाज में नफरत फैला रही है, जबकि समाजवादी पार्टी के शासन में सभी धर्मों के लोग मिलकर आपसी सौहार्द के साथ त्यौहार और यात्राएं मनाते थे।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि कांवड़ यात्रा कोई नई परंपरा नहीं है। अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते समय भी भव्य कांवड़ यात्राएं निकलती थीं। मुसलमान भाई उन यात्राओं में कांवरियों पर फूल बरसाते थे, स्टाल लगाकर उन्हें शरबत व पानी पिलाते थे।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार चाहती है कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मुसलमानों की दुकानें न रहें। भाजपा नफरत का बीज बो रही है। यह देश केवल किसी एक धर्म का नहीं, बल्कि सभी धर्मों का है। आज़ादी की लड़ाई में हर मज़हब के लोगों ने बलिदान दिया है। राम प्रसाद बिस्मिल सहित तमाम लोगों ने यातनाएं झेली है। फैजाबाद जेल में शहीद अशफाक उल्ला खां को फांसी दी गई थी। क्या हम उनकी कुर्बानी को भूल सकते हैं?
अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गंगा-जमुनी तहज़ीब की पक्षधर रही है। हमने हमेशा एकता और भाईचारे की बात की है, जबकि भाजपा समाज को बांटने का काम कर रही है। कांवड़ यात्रा आस्था का विषय है, नफरत का नहीं।
सांसद के इस बयान से अयोध्या समेत पूरे प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आगामी चुनावों से पहले कांवड़ यात्रा को लेकर शुरू हुई सियासत अब नई दिशा लेती दिख रही है।