Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राष्ट्रपति के आगमन को लेकर नगर निगम ने कसी कमर, रामनगरी में...

राष्ट्रपति के आगमन को लेकर नगर निगम ने कसी कमर, रामनगरी में तैयारियां तेज

0

अयोध्या। महामहिम राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू के 19 मार्च को प्रस्तावित अयोध्या आगमन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम के तिलक हाल में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहर की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा कर अंतिम रूप दिया गया।

बैठक में महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर के साथ-साथ नगर के प्रमुख स्थलों—अंडरपास, बृहस्पति कुंड, लता चौक, राम की पैड़ी और सरयू तट—पर विशेष सफाई, सजावट और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इन स्थानों पर आगंतुकों की अधिक आवाजाही को देखते हुए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

नगर में आने वाले अतिथियों के ठहरने के लिए चिन्हित स्थलों, वाहन पार्किंग स्थलों, भंडारा स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और टैक्सी स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। साथ ही फुटपाथों पर अतिक्रमण न रहे, इसके लिए प्रवर्तन दल को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

महापौर ने 20 पार्किंग स्थलों पर सफाई के साथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं और अतिथियों को धूल या कूड़ा-करकट की समस्या न हो, इसके लिए सड़कों पर नियमित सफाई के साथ पानी का छिड़काव भी कराया जाएगा। नालियों में एंटी-लार्वा का छिड़काव 17 मार्च तक पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि रैन बसेरों और वाटर एटीएम की आवश्यकता अनुसार मरम्मत और सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी। लगभग साढ़े आठ किलोमीटर लंबे आवागमन मार्ग पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध रहेंगे। मार्ग के लगभग 20 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंचन की भी व्यवस्था की जाएगी, जहां सफाई और पेयजल की विशेष व्यवस्था रहेगी।

बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल, सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय, सभी जोनल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version