Saturday, October 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादीपोत्सव की तैयारी में जुटा नगर निगम, हनुमानगढ़ी से स्वच्छता अभियान का...

दीपोत्सव की तैयारी में जुटा नगर निगम, हनुमानगढ़ी से स्वच्छता अभियान का आगाज


◆ महापौर ने खुद संभाली झाड़ू, मंदिर मार्ग से हटाई गई गंदगी; 31 अक्टूबर को सरयू के सभी घाटों पर चलेगा विशेष सफाई अभियान


अयोध्या। दीपोत्सव से पहले अयोध्या को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने सफाई अभियान शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह हनुमानगढ़ी से अभियान की शुरुआत हुई। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने हनुमानजी के दर्शन के बाद स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। उनके साथ नगर निगम के अधिकारियों, सफाई कर्मचारियों, संतों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी श्रमदान किया।

सुबह करीब 7:30 बजे हनुमानगढ़ी के निकास द्वार से शुरू हुई मुहिम में मंदिर की सीढ़ियों से लेकर आसपास के मार्गों और फुटपाथों तक सफाई कराई गई। राममंदिर जाने वाले रास्ते पर कचरा हटाने के साथ एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग भी की गई। पॉलिथीन, कपड़ों के टुकड़ों तथा अन्य अपशिष्ट को हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

महापौर ने हनुमानगढ़ी परिसर के शौचालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण भी किया। पंजाबी बाबा की गली से महंत ज्ञानदास के आवासीय परिसर के सामने पहुंचे तो जल प्याऊ के नीचे गंदा पानी जमा मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जल निगम के अधिकारियों को तत्काल पानी हटवाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर के मुख्य द्वार के आसपास जल प्याऊ के निकट जमा कीचड़ को भी हटवाया गया।

अशर्फी भवन की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण करते हुए महापौर ने सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। मुख्य मार्ग पर पुरानी पानी की टंकी पर गंदगी मिलने पर मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर स्वच्छता में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


31 अक्टूबर को सरयू के सभी घाटों पर चलेगा अभियान


महापौर ने बताया कि अयोध्या में दसवें दीपोत्सव के स्वागत के लिए स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। आगामी 31 अक्टूबर को सरयू नदी के सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें नगर निगम के कर्मचारियों के साथ सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, राजनीतिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन भी भाग लेंगे।

उन्होंने नगरवासियों से अपने घरों के साथ सार्वजनिक स्थलों को भी स्वच्छ रखने की अपील की। कहा कि दीपावली और दीपोत्सव से पहले अयोध्या को साफ-सुथरा बनाने में सभी की भागीदारी जरूरी है, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालु स्वच्छ और सुंदर नगरी की सुखद अनुभूति लेकर लौटें।

नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडेय ने बताया कि 31 अक्टूबर के अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए वाहन भी संचालित किया जा रहा है। अभियान में अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, पार्षद प्रतिनिधि प्रियेश दास, पार्षद अनीता द्विवेदी, शिक्षाविद श्रीनिवास शास्त्री, सुनील अवस्थी, अभय यादव, निरंकार पाठक, विनोद पाठक, इंद्रप्रीत सिंह बेदी, आशीष कौर, जितेंद्र दुबे, विमल, विनय सहित अनेक लोग शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments