आलापुर, अंबेडकर नगर। थाना क्षेत्र जहांगीरगंज अंतर्गत ग्राम आदमपुर निवासी महिला गंगा स्नान के लिए जा रही थीं, तभी रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे में उनका पुत्र भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय बिन्दु पांडेय अपने पुत्र मनीष पांडेय के साथ मोटरसाइकिल से रामबाग घाट की ओर स्नान के लिए जा रही थीं। जैसे ही उनकी मोटरसाइकिल ऐनवा मार्ग पर पहुँची, तभी गैस सिलेंडर से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बिन्दु पांडेय सड़क पर गिर गईं और ट्रक का पिछला पहिया उनके सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, मनीष पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। चालक की पहचान ऐनवा गांव निवासी अनवर के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष अजय प्रताप यादव ने बताया कि मृतका के पुत्र मनीष पांडेय की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है।
अचानक हुई इस हादसा ने परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है। मृतका के दो पुत्र हरीश पांडेय और मनीष पांडेय हैं। मां के निधन से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है।