Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या राम मंदिर परिसर के अधिकांश निर्माण कार्य सितंबर तक पूरे होने की...

राम मंदिर परिसर के अधिकांश निर्माण कार्य सितंबर तक पूरे होने की उम्मीद

0

अयोध्या। राम मंदिर भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा गुरुवार को अयोध्या पहुंचे और निर्माण समिति की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में राम मंदिर परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। नृपेंद्र मिश्रा ने निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि 30 सितंबर तक राम मंदिर परिसर के अधिकांश निर्माण कार्य पूरे होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि 30 अक्टूबर तक एलएंडटी और टाटा के अधिकांश कर्मचारी निर्माण कार्यों से हट जाएंगे। इसके बाद मुख्य रूप से ऑडिटोरियम और संग्रहालय से जुड़े कार्य जारी रहेंगे।

मंदिर परिसर में बनाए जा रहे संग्रहालय में कुल 20 गैलरियां होंगी, जिनमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राम मंदिर तथा भगवान राम से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी जाएगी। गैलरी नंबर-7 में इमर्सिव टेक्नोलॉजी के माध्यम से मंदिर परिसर के दिव्य दर्शन कराने की तैयारी है। वहीं गैलरी नंबर-17 में भगवान राम के वनगमन और नदियों से जुड़े प्रसंगों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

संग्रहालय के निर्माण में आईआईटी मद्रास के विशेषज्ञ तकनीकी सहयोग कर रहे हैं। नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि मंदिर परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद सुरक्षा उपकरण लगाए जाने में करीब दो महीने का अतिरिक्त समय लग सकता है।

बैठक में एलएंडटी, टाटा, सोमपुरा सहित निर्माण से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों के भुगतान और लंबित कार्यों की भी समीक्षा की गई। निर्माण समिति का लक्ष्य है कि वर्ष के अंत तक राम मंदिर परिसर से संबंधित निर्माण का कोई महत्वपूर्ण कार्य अधूरा रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version