Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याजनसमस्याओं पर विधायक का सख्त रुख, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के...

जनसमस्याओं पर विधायक का सख्त रुख, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश


◆ सर्किट हाउस में नगर आयुक्त व विद्युत विभाग के अधिकारियां संग किया बैठक


◆ जनता से जुड़ी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं – विधायक


अयोध्या। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने शहर की विभिन्न जनसमस्याओं, नगर निगम की कार्यप्रणाली और विद्युत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों पर कड़ा रुख अपनाया है। सर्किट हाउस में नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार एवं मुख्य अभियन्ता विद्युत वितरण खंड अयोध्या मंडल के साथ हुई बैठकों में विधायक ने कहा कि जनता से जुड़े मामलों में लापरवाही, उदासीनता, निरंकुशता और संवेदनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

नगर आयुक्त के साथ हुई बैठक में विधायक ने प्रवर्तन दल की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति और उपस्थिति के किसी भी प्रकार की कार्रवाई न की जाए। विधायक ने कहा कि प्रवर्तन दल द्वारा जनता से दुर्व्यवहार, अनावश्यक कठोरता और निरंकुशता की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतें सही पाई गईं तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

विधायक ने बरसात से पूर्व शहर के सभी नालों एवं नालियों की विशेष सफाई अभियान चलाकर समयबद्ध तरीके से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला अस्पताल, जिला अस्पताल तथा प्रमुख बाजारों के आसपास गंदगी और जलभराव की समस्या पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। इसके साथ ही खराब पेयजल कियोस्क मशीनों को शीघ्र ठीक कराने, गुप्तार घाट एवं सूर्यकुंड की नियमित सफाई, पार्कों के रखरखाव, मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण और निराश्रित पशुओं के लिए पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

विधायक ने जल निगम द्वारा चल रहे सीवर पाइप लाइन एवं सड़क निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताया और अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पटरी दुकानदारों के लिए व्यवस्थित वेडिंग जोन विकसित करने तथा हेल्थ एटीएम की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को भी कहा।

इसके बाद बिजली विभाग की समीक्षा बैठक में विधायक ने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान अघोषित कटौती, लो-वोल्टेज, जर्जर तार, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही से आमजन भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशानुसार शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। रोस्टर उल्लंघन अथवा अनावश्यक कटौती की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कठोर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

विधायक ने जर्जर एवं झूलते तारों को तत्काल बदलने, क्षतिग्रस्त पोलों की मरम्मत, खराब ट्रांसफार्मरों को तय समयसीमा में बदलने तथा ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि विभागीय लापरवाही से कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने लोकल फाल्ट का तत्काल निस्तारण करने, कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने, लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा बरसात से पहले विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। विधायक ने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ अनावश्यक कठोरता न बरती जाए और बकाया बिलों के मामलों में किस्तों के माध्यम से भुगतान की सुविधा दी जाए।

वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जनता से जुड़ी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य करें, अन्यथा कठोर प्रशासनिक कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments