अम्बेडकर नगर। घर से लापता हुए 17 वर्षीय किशोर को अकबरपुर पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। सर्विलांस की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस करने के बाद पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए किशोर को अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे लाइन के पास से बरामद किया। किशोर के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
अम्बेडकर पार्क, फैजाबाद रोड निवासी महिला जनता दर्शन के दौरान पुलिस के समक्ष पहुंचीं। उन्होंने अपने 17 वर्षीय पुत्र अमन गुप्ता के लापता होने तथा उसे बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने तत्काल किशोर की तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर कोतवाली अकबरपुर की कस्बा चौकी पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह ने कांस्टेबल सोनू चौधरी और रिजर्व कांस्टेबल अभिनंदन सिंह के साथ किशोर की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं सर्विलांस सहायता से संदिग्ध मोबाइल की लोकेशन हासिल की और बताए गए स्थान की ओर तेजी से रवाना हुई।
पुलिस टीम ने लोकेशन के आधार पर पीछा करते हुए अकबरपुर ओवरब्रिज के नीचे एनटीपीसी जाने वाली रेलवे लाइन के पास पहुंचकर अमन गुप्ता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की सक्रियता से करीब तीन घंटे के भीतर किशोर की बरामदगी हो गई।
किशोर को सकुशल बरामद करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित वापस मिलने पर परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।