जलालपुर, अंबेडकर नगर। जैतपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पत्नी और बच्चे के साथ ससुराल जा रहे एक युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के हाशापुर गांव निवासी अभय राज यादव पुत्र रमई यादव (35) अपनी पत्नी मीना और तीन वर्षीय पुत्र दिव्यांशु के साथ बाइक से जैतपुर स्थित अपनी ससुराल आ रहे थे। बताया जाता है कि ससुराल पहुंचने से लगभग एक किलोमीटर पहले काली स्थान के पास बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने अभय राज यादव से गले में पहनी सोने की चेन देने की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही अभय राज यादव गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं जैतपुर थाना प्रभारी प्रेमचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम बदमाशों की तलाश और घटना के खुलासे के लिए जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।