अंबेडकर नगर। तहसील अकबरपुर की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर बार एसोसिएशन द्वारा अध्यक्ष सुनील कुमार यादव के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने सब रजिस्ट्रार कार्यालय को नवीन तहसील परिसर में स्थापित करने, नक्शा दुरुस्ती के लिए नक्शा ट्रेसर नियुक्त करने और अभिलेखागार की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में अभिलेख निरीक्षण के लिए पांच दिन निर्धारित करने, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था करने और नकल जारी करने की प्रक्रिया सरल बनाने की मांग भी शामिल है। इसके अलावा तहसील में आदेशों की फीडिंग में तेजी लाने, फैजाबाद अभिलेखागार से पुरानी पत्रावलियां मंगाने तथा एसडीएम अकबरपुर का अन्य तहसील में स्थानांतरण करने की मांग की है।