जलालपुर, अंबेडकर नगर। उच्च प्राथमिक विद्यालय चौहान की बस्ती भियांव में शनिवार को मीना मंच कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। सुगमकर्ता राजकरन प्रजापति के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता तथा आत्म-सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के तहत ‘प्रगति के पंख’ सत्र के अंतर्गत ‘मेरी थाली’ विषय पर केंद्रित गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें किशोर–किशोरियों को पोषण, स्वास्थ्य और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। आत्मरक्षा एवं निडरता को बढ़ावा देने के लिए ‘वीरांगना’ फिल्म प्रदर्शित की गई, जबकि गुड टच–बैड टच विषय पर रोल-प्ले कराकर बच्चों को संवेदनशील मुद्दों की समझ विकसित करने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही फिल्म ‘डिज़ा’ दिखाकर उससे जुड़ी जागरूकता गतिविधियाँ भी कराई गईं।
एनीमिया से बचाव हेतु छात्रों को संतुलित आहार अपनाने की जानकारी दी गई। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कर प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा वीरगाथा विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाध्यापक राज बहादुर मिश्रा ने कहा कि मीना मंच विद्यालय की महत्वपूर्ण पहल है, जो बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चुनौतियों का सामना करने की हिम्मत विकसित करता है। उन्होंने सभी शिक्षकों और सुगमकर्ता को कार्यक्रम की सफल संगठन के लिए बधाई दी। कार्यक्रम में सहायक अध्यापक प्रदीप कुमार मौर्य, राजकरन प्रजापति, अरशद कमाल सहित विद्यालय स्टाफ एवं रसोइयाँ उपस्थित रहीं।