अयोध्या। 6 से 8 नवंबर तक तीन दिवसीय मैहर महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। यह महोत्सव समाजसेवी प्रमोद सिंह के पिता स्वर्गीय पृथ्वी सिंह की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव का आकर्षण नारी शक्ति अभिनंदन और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल होंगे।
महोत्सव के पहले दिन 21 हजार महिलाएं दुखदुरिया देवी की सामूहिक पूजा में भाग लेंगी। यह आयोजन नारी शक्ति के सम्मान और शक्ति के प्रतीक के रूप में आयोजित किया जा रहा है और महिलाओं की सामूहिक ऊर्जा का अनुपम दृश्य पेश करेगा। महोत्सव के दूसरे और तीसरे दिन आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल में ईरान, भूटान, नेपाल सहित विभिन्न देशों के नामी पहलवान अपनी कुश्ती की कला का प्रदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम अयोध्या के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए एक रोमांचक और प्रेरक अनुभव साबित होगा।
इस महोत्सव के दौरान अयोध्या के युवाओं को अयोध्या केसरी के रूप में चुना जाएगा। इस प्रतियोगिता में केवल अयोध्या के युवा ही हिस्सा ले सकते हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और कुश्ती के प्रति युवा पीढ़ी की रुचि बढ़ाना है।
समाजसेवी और अपना दल एस के नेता प्रमोद सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि महोत्सव न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम है, बल्कि यह अयोध्या के युवाओं को खेलों और विशेषकर कुश्ती में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।