अंबेडकर नगर। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने झाड़-फूंक के बहाने महिला से चोरी करने के आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर पश्चिमी मोहल्ला निवासी नदीम अहमद उर्फ बाबा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5,139 नकद, एक साड़ी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर को राबीबहाउद्दीनपुर गांव में एक अज्ञात व्यक्ति ने झाड़-फूंक करने के बहाने महिला का कान का झुमका, एक हजार रुपये नकद और साड़ी चोरी कर ली थी। पीड़िता की शिकायत पर अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपित को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ इससे पहले भी हंसवर थाने में चोरी, चोरी का माल रखने और धोखाधड़ी तथा टांडा थाने में अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी देवेश चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर अरुण कुमार नौहवार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने की। टीम में उपनिरीक्षक रणविजय सिंह, शिवम सिंह, इसहाक खान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।