Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पतंजलि स्टोर पर छापेमारी कर लिए...

खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, पतंजलि स्टोर पर छापेमारी कर लिए गए नमूने

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में शनिवार को सुरहुरपुर रोड स्थित ब्लॉक गेट के सामने संचालित विवेक ट्रेडर्स पर खाद्य सुरक्षा विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर व्यापक जांच पड़ताल की। यह प्रतिष्ठान क्षेत्र में पतंजलि स्टोर के नाम से जाना जाता है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओमप्रकाश एवं तहसीलदार निखिलेश कुमार मौके पर पहुंचे और दुकान में रखे विभिन्न खाद्य उत्पादों, तेल एवं अन्य सामग्री का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, उत्पादों की पैकिंग, निर्माण तिथि एवं गुणवत्ता मानकों की भी जांच की। टीम द्वारा दुकान में रखे सामान का मिलान अभिलेखों से किया गया। जानकारी के अनुसार प्रतिष्ठान का लाइसेंस आलोक यादव के नाम से संचालित है, जबकि छापेमारी के समय मौके पर प्रेमधारी यादव मौजूद रहे। जांच के दौरान अधिकारियों ने पतंजलि कंपनी के वर्जिन तिल ऑयल एवं वर्जिन कोकोनट ऑयल समेत अन्य उत्पादों के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को सील कर विधिक प्रक्रिया के तहत परीक्षण हेतु प्रयोगशाला आगरा भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं गुणवत्ता को लेकर शासन बेहद गंभीर है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version