Thursday, July 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरउर्वरकों की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: तीन खाद दुकानों पर एफआईआर, लाइसेंस...

उर्वरकों की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई: तीन खाद दुकानों पर एफआईआर, लाइसेंस निलंबित


अम्बेडकर नगर। जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अधिक मूल्य वसूली की शिकायतों पर जिला कृषि अधिकारी ने सख्त रुख अपनाया है। शिकायतों की पुष्टि होने पर मेसर्स शिव खाद भंडार हनुमानगंज भीटी, मेसर्स वर्मा ट्रेडर्स हनुमानगंज भीटी और मेसर्स राष्ट्रीय उर्वरक भंडार सेनपुर का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पीओएस मशीन के स्टॉक और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया तथा कालाबाजारी की पुष्टि हुई।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि अनियमितता पाए जाने पर तीनों विक्रेताओं के खिलाफ थाना अहिरौली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही, सभी का उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि जनपद में नवंबर तक आवश्यक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। यूरिया 19289 मी.टन, डीएपी 9259 मी.टन, एनपीके 6881 मी.टन, एसएसपी 12761 मी.टन और एमओपी 377 मी.टन उपलब्ध कराई गई है। वितरण के बाद भी सहकारिता एवं निजी क्षेत्र में पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। अयोध्या रैक पॉइंट से इफको की डीएपी और एनपीके लगातार समितियों को भेजी जा रही है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि आधार कार्ड और जोत–बही के आधार पर निर्धारित मात्रा में ही उर्वरक प्राप्त करें तथा पीओएस मशीन के माध्यम से खरीद सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में नियंत्रण कक्ष संचालित है।

बीज की उपलब्धता पर भी विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय भंडारों पर गेहूं, राई/सरसों के मिनीकिट तथा चना–मसूर के सहफसली मिनीकिट निःशुल्क उपलब्ध हैं। निजी क्षेत्र में भी गेहूं, चना, मटर, मसूर एवं सरसों के भरपूर स्टॉक उपलब्ध हैं। किसान अपने निकटवर्ती केंद्र से बीज आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments