◆ साहबगंज, अशोकपुरम, फतेहगंज और कोठापार्चा में सजे सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
अयोध्या । ‘रामराज्य बैठे त्रैलोका। हर्षित भए गए सब शोका।’ श्रीरामचरितमानस की इन पंक्तियों के भाव को साकार करते हुए शनिवार को साहबगंज, अशोकपुरम जप्ती, फतेहगंज और कोठापार्चा की रामलीला समितियों ने अपने-अपने लीला स्थलों पर भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भव्य मंचन किया। भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे।
साहबगंज की रामलीला में राजगद्दी कार्यक्रम के दौरान भजन गायकों ने ‘राम आए अवध की ओर सजनी’ और ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दियो’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। लोकनृत्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने पदाधिकारियों के साथ भगवान श्रीराम की आरती उतारी और पूजन-अर्चन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर उन्हें अपने आचरण में उतारना चाहिए। एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मर्यादा, कर्तव्य और आदर्शों का अनुसरण आवश्यक है।
समिति के जिला प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार, साहबगंज में अध्यक्ष धीरज दूबे उर्फ रानू दूबे के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अतिथियों का अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान जिला संयोजक गगन जायसवाल, अतुल सिंह, अवधेश अग्रहरि, जनार्दन पांडेय बबलू, चंदन गुप्ता, अजय विश्वकर्मा, अंजनी पांडेय, मुन्ना यादव, नीरज पाठक, वासु श्रीवास्तव और दीपक पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
भजन संध्या में देर रात तक झूमे श्रद्धालु
अशोकपुरम जप्ती की श्री बाल रामलीला समिति की ओर से आयोजित राज्याभिषेक कार्यक्रम भजन संध्या के रूप में शुरू हुआ। कलाकारों की प्रस्तुतियों और प्रभु श्रीराम के भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। समिति अध्यक्ष पियूष मौर्य लकी के नेतृत्व में ऋषिकेश मौर्य, रविंद्र कुमार, वीरेंद्र प्रताप और शैलेश मौर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रीय समिति के सदस्यों का स्वागत किया।
कोठापार्चा में श्री बाल रामलीला कमेटी की ओर से राज्याभिषेक का भव्य मंचन किया गया। अध्यक्ष सिद्धार्थ महान और उपाध्यक्ष आशीष महेंद्रा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कन्हैया लाल यादव, धनंजय कौशल, राजेंद्र सिंह वैभव और रामजी सोनी सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रहे। देर रात तक श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन किए।
वहीं, फतेहगंज रामलीला कमेटी की ओर से भी राजगद्दी कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हुआ। अध्यक्ष राजीव गुप्ता के साथ गौरी शंकर अग्रवाल, पंकज जायसवाल और निखिल गुप्ता सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। चारों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में रामराज्य की अवधारणा और भगवान श्रीराम के आदर्शों के प्रति श्रद्धा का भाव दिखाई दिया।