◆ व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में हुई व्यापार बंधु की बैठक
अयोध्या । जिला व्यापार बंधु अयोध्या की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में एडीएम सिटी ने व्यापार प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही यात्री वाहनों की कलर कोडिंग, ई–रिक्शा की सूचीबद्धता, मार्ग निर्धारण तथा प्रति व्यक्ति दूरी के अनुसार किराया तय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक में व्यापार मंडल के सदस्यों द्वारा टूटी सड़कों की मरम्मत, सीवर लाइन कनेक्टिविटी, तथा कामर्शियल वाहनों पर नगर निगम द्वारा लगाए जा रहे शुल्क का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक में व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अयोध्या धाम क्षेत्र में रात्रि 11 बजे से प्रातः 5 बजे तक मालवाहक वाहनों के आवागमन की छूट की व्यवस्था पर चर्चा की गई। साथ ही रामपथ पर सहादतगंज से लता चौक तक यात्री वाहनों की सुगम आवाजाही के लिए प्रभावी योजना बनाने पर विचार हुआ। इन मामलों पर एडीएम नगर ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए, वहीं कई अन्य मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिरुद्ध प्रताप सिंह, सीओ अयोध्या, डिप्टी कमिश्नर राज्य कर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा व्यापारी प्रतिनिधि विजय गुप्ता, अतुल कुमार सिंह, मो. उमर, नीरज जायसवाल, पंकज गुप्ता समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।