Monday, August 17, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरआईपीएस अधिकारी की मां का सरयू तट पर अंतिम संस्कार

आईपीएस अधिकारी की मां का सरयू तट पर अंतिम संस्कार


◆ पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित, हृदय हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा गया


जलालपुर, अम्बेडकर नगर। आईपीएस अधिकारी की 94 वर्षीय मां इंदिरा देवी का सोमवार को अयोध्या स्थित सरयू तट पर अंतिम संस्कार किया गया। गांव से निकली शवयात्रा में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। अंतिम संस्कार के दौरान जिले के आला अधिकारी भी मौजूद रहे।

इंदिरा देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने बिसरा सुरक्षित रख लिया है, जबकि हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल एनालिसिस के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। इसके चलते फिलहाल उनकी मृत्यु का कारण संदेह के घेरे में बना हुआ है। पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से करवाया गया था।

बताया जाता है कि इंदिरा देवी घर में अकेली मौजूद थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद जब परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे तो उनके शरीर पर पहने हुए आभूषण गायब मिले। इन परिस्थितियों ने घटना को और गंभीर बना दिया है तथा हत्या की आशंका को बल मिला है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।

सोमवार को अंतिम संस्कार के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया, एडीएम, जलालपुर एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी शवयात्रा में शामिल हुए। गांव से निकली शवयात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

इधर, पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतना चाहता। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सुरक्षित किए गए बिसरा और हृदय की जांच रिपोर्ट को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम से संबंधित रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की सही वजह के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोगों की निगाहें पुलिस जांच तथा जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। मालीपुर थाना अध्यक्ष शशांक शुक्ला ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है जो भी मामला सामने आएगा उस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments