अंबेडकर नगर। थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत यरकी घुमावन का पूरा गांव में शनिवार सुबह मजदूरी के लिए निकले एक युवक की धान के खेत में पानी भरने के कारण दम घुटने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राम यज्ञ (37 वर्ष) रोज की तरह शनिवार सुबह करीब आठ बजे साइकिल से मजदूरी के लिए निकले थे। गांव से कुछ दूरी पर खेतों की ओर जाते समय धान के खेत में भरे पानी के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से वह औंधे मुंह गिर पड़े। गड्ढे में पानी अधिक होने के कारण दम घुटने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी उर्मिला देवी गृहणी हैं। राम यज्ञ के दो पुत्र अजय (17) जो इंटरमीडिएट का छात्र है और अनूप (15) जो हाईस्कूल में पढ़ाई कर रहा है। असमय काल के गाल में समा जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला खेत में गिरने और पानी में डूबने का है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। गांव में इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।