आलापुर अम्बेडकर नगर। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरिया बुजुर्ग में वर्षों से अपने हक की लड़ाई लड़ रहे दलित पट्टाधारकों को आखिरकार बीस साल बाद न्याय मिला। प्रशासन की मौजूदगी में शनिवार को संबंधित भूमि पर सीमांकन कर पट्टाधारकों को कब्जा दिलाया गया।
ग्राम पंचायत देवरिया बुजुर्ग निवासी भालचंद और बाबूलाल को करीब दो दशक पहले जमीन का पट्टा तो मिल गया था, लेकिन वह भूमि उन्हें कब्जे में नहीं मिल पा रही थी। लंबे समय से वे अधिकारियों के चक्कर काटते रहे, वहीं बगल के खातेदार जितेन्द्र पांडेय से भूमि विवाद को लेकर कई बार टकराव भी हुआ, जिस पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई प्रचलित है।
शनिवार को मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी सुभाष सिंह, राजस्व निरीक्षक रामकुमार श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, क्षेत्रीय लेखपाल त्रिपुरारी नायक और अरुण कुमार ने भूमि का नाप-जोख व सीमांकन कराकर चिन्हित भूखंड पर पीलर लगवाया। पट्टाधारकों ने प्रशासन की उपस्थिति में कब्जा प्राप्त किया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर राजेसुल्तानपुर थाने से उपनिरीक्षक गोबिंदनारायण मिश्रा, कांस्टेबल शशिकांत मौर्य, राम अवतार यादव, महिला कांस्टेबल निशा खरवार व राखी मौजूद रहीं।
इस कार्रवाई से पट्टाधारकों में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और वर्षों से लंबित न्याय की उम्मीद अब साकार हो सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना की।