अंबेडकर नगर। जनपद के सभी मुतवल्ली, प्रबंधक समिति व प्रशासकों को उम्मीद केंद्रीय पोर्टल 2025 पर वक्फ संपत्तियों का विवरण 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से फीड कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि निर्धारित समय सीमा में विवरण न देने पर संबंधित स्वयं जिम्मेदार होंगे।
सर्वे कमिश्नर वक्फ उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वक्फ संपत्तियों के पंजीकरण को लेकर समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके तहत मुतवल्ली द्वारा पोर्टल पर विवरण दर्ज करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी तय की गई है। इसके बाद वक्फ बोर्ड द्वारा दर्ज विवरण की जांच 15 अप्रैल तक की जाएगी, जबकि बोर्ड स्तर से अंतिम अनुमोदन की तिथि 5 जून निर्धारित है।
अधिकारियों ने बताया कि अभी भी कई मुतवल्लियों द्वारा पोर्टल पर विवरण अपलोड नहीं किया गया है, जबकि अंतिम तिथि नजदीक है। ऐसे में सभी संबंधित लोग समय रहते उम्मीद पोर्टल पर वक्फ संपत्तियों का विवरण अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।