Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर अमृत सरोवर से यूकेलिप्टस कटान मामले में जांच तेज, ग्राम प्रधान से...

अमृत सरोवर से यूकेलिप्टस कटान मामले में जांच तेज, ग्राम प्रधान से मांगी गई आख्या

0

जलालपुर, अंबेडकर नगर। जलालपुर ब्लॉक क्षेत्र के सोहगूपुर गांव में अमृत सरोवर की भूमि पर लगे यूकेलिप्टस के पेड़ों की कटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पंचायत विभाग हरकत में आया है। एडीओ पंचायत ने मौके पर पहुंचकर जांच की और ग्राम प्रधान से तीन दिन के भीतर आख्या मांगी है।

विदित हो कि कर्बला के पास स्थित अमृत सरोवर तालाब के किनारे लगे यूकेलिप्टस के दर्जनों पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान अरविंद यादव पर अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी भूमि पर खड़े पेड़ों को चोरी-छिपे कटवाकर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पुराने लाखों रुपये कीमत के पेड़ों को कटवाकर लकड़ी बेच दी गई।

ग्रामीणों के अनुसार यह पहली घटना नहीं है। करीब दो सप्ताह पूर्व गांव के ही दूसरे तालाब के किनारे लगे यूकेलिप्टस के पेड़ों की भी कटाई कर उन्हें बेच दिया गया था। आरोप है कि उस समय कटे हुए पेड़ों को तत्काल मौके से हटवा दिया गया, जिससे मामला दबा रह गया। अब दूसरे अमृत सरोवर पर भी कटान होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी भूमि पर लगे पेड़ों की कटाई बिना प्रशासनिक अनुमति के संभव नहीं है। ऐसे में पंचायत विभाग और संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य जल संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण तैयार करना है, लेकिन सरकारी तालाबों के किनारे लगे पेड़ों की कटाई से योजना की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

इस संबंध में एडीओ पंचायत बृजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मौके पर जांच की गई, जिसमें आठ पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है। ग्राम प्रधान से तीन दिन के भीतर आख्या मांगी गई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में काटे गए पेड़ों के संबंध में विभाग को किसी प्रकार की जानकारी नहीं दी गई थी। मामले की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version