Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या घरों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा, दो...

घरों की रेकी कर चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार

0

◆ पटरंगा पुलिस ने करीब 20 लाख के जेवरात, चोरी के माल से खरीदी कार और बाइक बरामद की


अयोध्या। पटरंगा पुलिस ने घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, चोरी के जेवर बेचकर खरीदी गई सेकेंड हैंड वरना कार और काले रंग की अपाचे बाइक बरामद की है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद थाना पटरंगा और इनायतनगर क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं का भी खुलासा किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक पटरंगा शशिकांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक 14/15 जून 2026 की रात ग्राम धमौरा निवासी राणाबीर विक्रम सिंह के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया था। आरोपी छत के रास्ते मकान में दाखिल हुए और बक्से तथा अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए थे। मामले में पटरंगा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान पुलिस ने विजय बहादुर उर्फ कल्लू निवासी भीखनापुर, थाना दरियाबाद, बाराबंकी और राजू उर्फ दिनेश निवासी आल्हनमऊ, थाना टिकैतनगर, बाराबंकी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने थाना पटरंगा तथा इनायतनगर क्षेत्र में हुई चोरी की अन्य घटनाओं का भी अनावरण किया है।


जेवरात के साथ कार और बाइक बरामद


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन हार, तीन चेन, चार कंगन, आठ अंगूठियां, छह झुमकी, तीन झाला, एक माथ बिंदी, तीन लॉकेट, कान की एक कील और सफेद धातु की एक जोड़ी पायल बरामद की है। इसके अलावा वरना कार संख्या UP41 AP 9999 और काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

वहीं थाना इनायतनगर से संबंधित चोरी के मामले में एक जोड़ी पायल, एक नथिया और एक जोड़ी पाजेब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।


दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार विजय बहादुर उर्फ कल्लू के खिलाफ पटरंगा और इनायतनगर थानों में चोरी के मामलों के अलावा बाराबंकी के टिकैतनगर थाने में जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं राजू उर्फ दिनेश के खिलाफ पटरंगा, इनायतनगर और टिकैतनगर थानों में चोरी सहित जुआ अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शशिकांत यादव, उपनिरीक्षक मदन पाल, उपनिरीक्षक प्रशांत पाण्डेय, कांस्टेबल अनुज सिंह, दयानंद यादव, शिवा सिंह यादव और अभिनय यादव शामिल रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version