अयोध्या। दीपोत्सव-2025 को लेकर अयोध्या प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर तथा नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार सहित अधिकारियों की टीम ने शहर भर में चल रही तैयारियों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आईटीएमएस, सेफ सिटी और पीए सिस्टम कंट्रोल रूम का जायजा लिया और सभी व्यवस्थाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। आईजी अयोध्या ने येलो जोन के कैमरों को सेफ सिटी प्रोजेक्ट से इंटीग्रेट करने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
अधिकारियों ने राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी, सेल्फी प्वाइंट और पर्यटन सुविधाओं का निरीक्षण कर कहा कि सभी कार्य दीपोत्सव से पहले मानक अनुरूप पूरे किए जाएं। सरयू घाट क्षेत्र में पाथवे, आरती स्थल, छतरियों की फ्लोरिंग और पत्थर लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि नया घाट से सिंचाई पंप हाउस तक के सभी कार्य, वीआईपी पवेलियन को छोड़कर, शीघ्र पूरे कर लिए जाएं। इसके साथ ही 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर हलकारा का पुरवा के पास बने सर्विस रोड के शेष कार्य भी परिक्रमा से पहले पूर्ण करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अयोध्या विकास प्राधिकरण सचिव, अपर जिलाधिकारी नगर, सीओ अयोध्या, उपनिदेशक पर्यटन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने साफ कहा है कि दीपोत्सव से पहले सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण रूप से पूरे किए जाएं, ताकि इस बार का दीपोत्सव और भी भव्य व व्यवस्थित हो।