अम्बेडकर नगर। कृषि भवन सभागार में बुधवार को उपनिदेशक कृषि अश्विनी सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस एवं कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, खरीफ व रबी फसलों की तैयारियों तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर उपज बिक्री के लिए पंजीकरण कराने के प्रति जागरूक किया गया।
उपनिदेशक कृषि अश्विनी सिंह ने पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों पर की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए किसानों से कृषि यंत्रों के लिए समय से टोकन प्राप्त करने तथा रबी सीजन के लिए अभी से बीज बुकिंग कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि खरीफ सीजन में धान, उड़द और मूंग की एमएसपी पर बिक्री के लिए किसानों को पंजीकरण कराना आवश्यक है।
जिला कृषि अधिकारी ने कम वर्षा की संभावना को देखते हुए किसानों को ज्वार, बाजरा, सांवा, कोदो, अरहर, उड़द और मूंग जैसे मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इन फसलों के लिए कृषि विभाग की ओर से निःशुल्क बीज किट उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही सभी किसानों से फॉर्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की गई। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री किसी कारणवश नहीं हो सकी है, वे आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर भी डीएपी और यूरिया प्राप्त कर सकते हैं। प्रति हेक्टेयर पांच बोरी डीएपी और सात बोरी यूरिया उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने आम, अमरूद, ड्रैगन फ्रूट, कीवी और केला की बागवानी, खाद्य प्रसंस्करण इकाई, पॉलीहाउस, स्प्रिंकलर और ड्रिप सिंचाई जैसी योजनाओं पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी। वहीं जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने जिले में संचालित 90 क्रय केंद्रों की जानकारी देते हुए किसानों की जरूरत के अनुसार अतिरिक्त खरीद केंद्र स्थापित कराने का सुझाव मांगा।
अधिशासी अभियंता सिंचाई ने नहरों के माध्यम से सिंचाई के लिए जल संचालन की स्थिति से किसानों को अवगत कराया। कृषि विज्ञान केंद्र, पांती के वैज्ञानिकों ने किसानों को निःशुल्क तिल बीज वितरण तथा आधुनिक एवं नवाचार आधारित खेती की तकनीकों की जानकारी दी। बैठक में विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी देकर किसानों की समस्याएं सुनीं।