Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या मेडिकल कॉलेज में जुनियर डाक्टर से अभद्रता, हंगामे से दो घंटे बाधित...

मेडिकल कॉलेज में जुनियर डाक्टर से अभद्रता, हंगामे से दो घंटे बाधित रही इमरजेंसी सेवाएं

0

◆ जूनियर डॉक्टरों ने जताया विरोध, आरोपी के खिलाफ जांच कमेटी गठित


अयोध्या। राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज, दर्शननगर की इमरजेंसी यूनिट शनिवार देर रात उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई जब खुद को समाजसेवी बताने वाले एक व्यक्ति ने वहां तैनात जूनियर डॉक्टर से अभद्रता कर दी। आरोप है कि कॉलेज में तैनात एक वार्ड बॉय ने भी हंगामे में उस व्यक्ति का साथ दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

मामला रात करीब 1:30 बजे का है, जब पेशाब की समस्या से पीड़ित 52 वर्षीय मरीज जुग्गीलाल की जांच को लेकर उसके परिजन और ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर के बीच बहस हो गई। इसी दौरान एक कथित समाजसेवी मौके पर पहुंचा और डॉक्टर से बदसलूकी करने लगा। इसके बाद कई अन्य जूनियर डॉक्टर मौके पर इकट्ठा हो गए। जूनियर डॉक्टरों का आरोप है कि वार्ड बॉय ने डॉक्टर को बाहर निकलने पर मारपीट की धमकी भी दी, जिससे मामला और गरमा गया। इमरजेंसी सेवाएं करीब दो घंटे तक बाधित रहीं। हालात को संभालने के लिए सीनियर डॉक्टरों और फैकल्टी ने मोर्चा संभाला और मरीजों का इलाज शुरू कराया।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सत्यजीत वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच के लिए डॉ. देवाजीत शर्मा की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है, जो सोमवार सुबह तक रिपोर्ट देगी। वार्ड बॉय के खिलाफ पूर्व में भी शिकायत मिल चुकी है। इधर, जूनियर डॉक्टर सोमवार को सामूहिक ज्ञापन देकर आरोपी पर एफआईआर की मांग करेंगे। उनका कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं कार्य माहौल को प्रभावित कर रही हैं और प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version