Friday, March 6, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याकबड्डी पुरूष वर्ग में आजमगढ़ व महिला वर्ग में मऊ की टीम...

कबड्डी पुरूष वर्ग में आजमगढ़ व महिला वर्ग में मऊ की टीम बनी विजेता


◆ दो दिवसीय अभिनव भारत न्यास खेल महाकुंभ का हुआ समापन


मिल्कीपुर,अयोध्या। अभिनव भारत न्यास एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के तत्त्वाधान में दो दिवसीय अभिनव भारत न्यास खेल महाकुंभ का समापन रविवार को आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज के अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम में हुआ। कबड्डी पुरूष वर्ग का फाइनल मुकाबला आजमगढ़ व अमेठी तथा महिला वर्ग में मऊ व आजमगढ़ की टीमों के बीच खेला गया।
पुरूष वर्ग में आजमगढ़ की टीम ने अमेठी हास्टल की टीम को 33- 26 एवं महिला वर्ग में मऊ की टीम ने आजमगढ़ की टीम को 33-31 के अंतराल से पराजित कर ट्राफी अपने नाम की। 21 किलोमीटर मैराथन में महिला वर्ग में आकांक्षा सिंह 1 घंटे 30 मिनट 31 सेकेंड में तथा बालक वर्ग में अंबेडकर नगर के प्रिंस यादव ने 1 घंटा 05 सेकेंड में पूर्णकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरूष वर्ग में दिल्ली के अभिषेक दूसरे व अयोध्या के हिमांशु तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में सुल्तानपुर की माधुरी यादव दूसरे व दिल्ली की प्रतिभा शर्मा तीसरे स्थान पर रही। 10 किलोमीटर मैराथन के महिला वर्ग में वर्षा मौर्या पहले, श्रेया सिंह दूसरे, रिया सिंह तीसरे एवं पुरूष वर्ग में सूरज सेन यादव पहले,कुणाल दूसरे व धर्मवीर गोस्वामी तीसरे स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने उपस्थित लोगों के साथ विजेता व उप विजेता टीमों को ट्राफी व पुरस्कार राशि का चेक प्रदान किया।
समापन अवसर पर पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि आजकल नौजवान खाली समय में सही विकल्प के अभाव के चलते तमाम विकारों से ग्रस्त हो गया है। खेल उसका सही विकल्प है, जैसा कि हमारे बुजुर्गों के समय में होता था। खेल आज भी युवाओं में अनुशासन, सहयोग भाव, ऊर्जा और संयम का सृजन करता है। आजकल गांव से अखाड़े खत्म हो गए, स्थानीय खेल समाप्त हो गए हैं, अभिनव भारत न्यास ऐसे ही स्थानीय खेलो को प्रोत्साहन दे, बढ़ावा दे यही शुभकामना है। विधायक अमेठी राकेश सिंह ने कहा कि दुनिया को क्रिकेट ब्रिटेन ने दिया आज उस पर भारत का कब्जा है, कबड्डी तो भारत की ही धरोहर है, उस पर भी भारत का ही कब्जा है। ऐसे आयोजनों से देश खेल के क्षेत्र में मजबूती प्राप्त करता है। अभय सिंह विधायक गोसाईगंज ने कहा कि वे इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर लेकर जाएं, और अयोध्या के खिलाड़ियों का प्रतिभाग विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में होना सुनिश्चित करें। गंगा सिंह प्रांत संपर्क प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रांत ने कहा कि खेल राष्ट्र निर्माण का एक सोपान भी है। यह आयोजन खेलो इंडिया स्वस्थ भारत की तरफ युवाओं को अग्रसर कर रहा है। खिलाड़ी जीते या हारे , खेल भावना कभी नहीं हारनी चाहिए।
महंत राजकुमार दास अधिकारी श्रीराम वल्लभा कुंज, जानकी घाट अयोध्या ने कहा कि एक बार एक युवक ने स्वामी विवेकानंद से कहा मैं गीता पढ़ना चाहता हूं तो उन्होंने उसे पहले 6 माह फुटबॉल खेलकर आने को कहा, खेल जीवन में इतना महत्व रखता है। खेल से स्नायु मजबूत होते हैं। मजबूत स्नायु से स्वस्थ व्यक्तित्व बनता है, जिससे एक राष्ट्र का निर्माण होता है। स्वामी जी ने ही कहा था कि राष्ट्र का सर्वतोमुखी विकास उसकी महिलाओं की समान प्रतिभागिता के बाद ही संपूर्ण हो सकता है। इस आयोजन में बालिकाओं ने कबड्डी के माध्यम से जैसी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, वह संकेत दे रहा है कि राष्ट्र अपने सुन्दर स्वरूप को प्राप्त कर रहा है।
बलवान सिंह द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पूर्व भारतीय कबड्डी कोच ने कहा कि जहां खेल है वहां खुशी है, जहां खुशी है वहां खुशहाली है, जहां खुशहाली है वहीं समृद्धि है,अतः देश की समृद्धि और खुशहाली के लिए ऐसे ही आयोजनों के माध्यम से खेल भी एक माध्यम होना चाहिए। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रमुख रूप से सुरेश कुमार सिंह, माया राय ,अवनीश कुमार राय, डॉक्टर एहसान, शराफत अली, पुष्पा, मनीषा, रघुपति यादव, नीतू, विन्दू, सरवरेआलम ,पंकज त्रिपाठी, उमराव सिंह ,राकेश प्रताप सिंह, आदि शामिल रहे।मौकेपर डॉक्टर देवाशीष नियोगी अधिष्ठाता छात्र कल्याण कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज, सुधीर सिंह, प्रिया सिंह, चंद्रबली सिंह, कमलेश यादव, अतर सिंह, सतीश यादव, शीतला प्रसाद बाजपेई, विजय कुमार उपाध्याय, विजय सिंह, हिंदेश सिंह, पूर्व प्रमुख हलियापुर रवींद्र प्रताप सिंह, कृष्णभान सिंह, पंकज सिंह, ओमप्रकाश यादव मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments