रूदौली, अयोध्या। घाघरा नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों का हाल जानने और राहत पहुंचाने के लिए प्रदेश के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सोमवार को रूदौली तहसील क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे। मंत्री ने सललापुर और अब्बुपुर गांवों के कटान प्रभावित 60 परिवारों को खाद्यान्न राहत किट वितरित की और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि जहां केंद्र और प्रदेश सरकार विकासपरक व जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है, वहीं दैवीय आपदा के समय पीड़ितों का दुख बांटने में भी पीछे नहीं है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों को समय पर सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। साथ ही, मुख्य चिकित्साधिकारी को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ करने, बुखार और डायरिया जैसी बीमारियों के लिए दवाइयों की किट वितरित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने प्रभावित इलाकों के संपर्क मार्गों की मरम्मत तत्काल कराने का आदेश दिया, ताकि आवागमन में बाधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है। मंत्री शाही ने कहा, आप लोग घबराएं नहीं, योगी सरकार आपके साथ है। राशन सामग्री, पशुपालकों को भूसा, क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा और मुख्यमंत्री आवास योजना सहित हर मदद प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाएगी।
इस दौरान अयोध्या के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसपी बलवंत चौधरी, सीओ रूदौली आशीष निगम, तहसीलदार विजय गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कष्ण कुमार पाण्डेय खुन्नू पांडेय सहित प्रशासन और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।