जलालपुर अंबेडकर नगर। तमसा नदी के किनारे अवैध निर्माण करने वालों पर अब नगर पालिका प्रशासन सख्त हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद के अतिक्रमण प्रभारी ने पुलिस से कार्रवाई करने की मांग की है। अतिक्रमण प्रभारी रमाकांत चौबे ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी की गाइडलाइन के अनुसार गंगा और उसकी सहायक नदियों के 100 मीटर दायरे में स्थायी निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद तमसा नदी के किनारे अवैध निर्माण किया जा रहा है। नगर पालिका व तहसील राजस्व टीम द्वारा जांच के बाद निर्माणकर्ताओं को कई बार नोटिस दिया गया, लेकिन उसके बावजूद अवैध निर्माण जारी रहा। प्रभारी ने कहा कि यह कृत्य न केवल नदी की धारा को रोकने का प्रयास है, बल्कि पर्यावरण और वन्य जीवों को भी नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। पालिका द्वारा दर्ज तहरीर में सिरातुल निशा पत्नी हेलाल अहमद, नाजनीन पत्नी मोहम्मद हाशमी, महमूद आलम पुत्र मोहम्मद इदरीश निवासी मोहल्ला काजीपुरा, जलालपुर) और गुड्डू पुत्र शकील निवासी मोहल्ला वाजिदपुर, जलालपुर पर नदी किनारे अवैध निर्माण का आरोप लगाया गया है। अतिक्रमण प्रभारी रमाकांत चौबे ने बताया कि बुधवार को कोतवाली में शिकायती पत्र देकर अवैध निर्माण रोकने और संबंधित आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए ऐसे लोगों पर कठोर कार्रवाई जरूरी है।