◆ दुराचारी घोषित किए गए दो बदमाश, शहर में रही पुलिस कार्रवाई की चर्चा
अयोध्या। जनपद अयोध्या में अपराधियों की कुंडली खोलने की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को दुराचारी घोषित करते हुए उनकी हिस्ट्रीशीट खोल दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को लेकर पुलिस महकमे में सक्रियता का संकेत मिल रहा है। पुलिस द्वारा जिन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है, उनमें एक आर्थिक अपराधों में लिप्त बताया गया है तो दूसरा जुआ सट्टा के काले कारोबार का पुराना खिलाड़ी है। इनमें एक बदमाश राहुल मिश्रा पुत्र श्याम जी मिश्रा शहर के कंधारी बाजार का रहने वाला है, जो मां मीडिया हाउस का संचालक है और वर्षों से लोगों को आर्थिक रूप से ठगने के आरोपों से घिरा रहा है। वहीं दूसरा अनवर पुत्र नजीर अहमद बेनीगंज साहबगंज का निवासी है, जिस पर लंबे समय से जुआ एक्ट और धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं।
इन दोनों अपराधियों पर दर्जनों आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, जालसाजी, धमकी, जुआ अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इनके आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए इन्हें हिस्ट्रीशीटर की श्रेणी में रखा गया है।