अंबेडकर नगर। एनटीपीसी टांडा परियोजना में सोमवार को हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। परियोजना प्रमुख कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा ने हिन्दी पखवाड़ा 2025 का औपचारिक शुभारंभ करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को राजभाषा प्रतिज्ञा दिलाई।
इस अवसर पर आयोजित हिन्दी गोष्ठी दो सत्रों में सम्पन्न हुई। पहले सत्र में युवा कार्यपालकों के साथ विचार-विमर्श हुआ, जबकि दूसरे सत्र में एसएमसी सदस्यों के साथ हिन्दी पखवाड़ा उद्घाटन एवं गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध कवि अभय सिंह “निर्भीक” उपस्थित रहे। उन्होंने हिन्दी की संवैधानिक मान्यता, उसकी राष्ट्रीय एकता में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अपनी कविताओं का काव्यपाठ भी किया।
समारोह में कार्यकारी निदेशक जयदेव परिदा ने कहा कि हिन्दी में कार्य करना सहज और गर्व का विषय है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग का आग्रह किया और हिन्दी पखवाड़ा की सफलता की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक प्रचालन एवं अनुरक्षण अजय सिंह यादव, महाप्रबंधक प्रचालन हर्ष कुमार सेठी, महाप्रबंधक ईंधन प्रबंधन राम नारायण त्रिपाठी, महाप्रबंधक सतर्कता सुभाष चन्द्र सिंह, अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन रजनीश कुमार खेतान, सभी एसएमसी सदस्य एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
मानव संसाधन विभागाध्यक्ष रजनीश कुमार खेतान ने हिन्दी पखवाड़ा के दौरान आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 से 29 सितम्बर तक हिन्दी निबंध लेखन, हिन्दी चलचित्र प्रदर्शन तथा हिन्दी कार्यशालाओं सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। उन्होंने सभी से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।